गढ़वा। माँ गढ़देवी मंदिर परिसर के प्रथम तल्ले पर श्री अर्धनारीश्वर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा 19 जनवरी को विधिवत रूप से संपन्न की जाएगी। प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जल यात्रा सह नगर भ्रमण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

माँ गढ़देवी मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि जल यात्रा सहिजना देवी धाम स्थित दानरो नदी से जल भरकर निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करते हुए गढ़देवी मंदिर परिसर पहुंचेगी। इस भव्य धार्मिक आयोजन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान 19 जनवरी से 23 जनवरी तक चलेगा। 19 जनवरी को जल यात्रा सह नगर भ्रमण के साथ ही भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 20 जनवरी को सुबह 7 बजे मंडपस्थ वेदिका का आवाहन किया जाएगा। 21 जनवरी को देवी-देवताओं की पूजन एवं विग्रह न्यास, 22 जनवरी को मंडपस्थ देवी-देवताओं की पूजन तथा 23 जनवरी को पुनः भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अरविंद पटवा ने कहा कि माँ गढ़देवी मंदिर गढ़वा की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। श्री अर्धनारीश्वर महादेव की प्राण-प्रतिष्ठा से पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।
प्रेस वार्ता में माँ गढ़देवी देवी मंदिर धार्मिक न्यास समिति के कोषाध्यक्ष हेमंत सिंह, राजेश विश्वकर्मा, जवाहर चंद्रवंशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










