भव्य शोभायात्रा के साथ विराट श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ नगर भ्रमण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। विराट श्री रुद्र महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर यज्ञाधीश महाराज के कुटिया प्रवेश सह नगर भ्रमण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं युवा शामिल हुए, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया।

oppo_0

नगर भ्रमण सह शोभायात्रा की शुरुआत चिनिया रोड नहर चौक से की गई। यहां से शोभायात्रा चिनिया मोड़, रंका मोड़, झंडा चौक होते हुए ग्राम जोबरईया स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंज उठा।
इस अवसर पर जोबरईया स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विराट श्री रुद्र महायज्ञ के यज्ञाधीश श्री श्री आचार्य आशीष वैद्य जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने यज्ञाधीश महाराज का फूल-मालाओं एवं पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। कुटिया प्रवेश के साथ ही विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
आयोजन समिति के प्रधानकर्ता राकेश पाल ने बताया कि श्री रुद्र महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, समृद्धि, सुख-शांति एवं जनकल्याण की कामना करना है। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, रुद्राभिषेक, प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
नगर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन तथा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं स्वागत की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकालकर कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें