गढ़वा में शिक्षकों की सेवा संपुष्टि और नियुक्ति पत्र त्रुटि सुधार को लेकर संघ ने सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। झारखण्ड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला इकाई गढ़वा द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में मुख्य रूप से सेवा संपुष्टि, नियुक्ति पत्रों में त्रुटि सुधार एवं अन्य लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
संघ के जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौधरी एवं जिला सचिव सरफुल्लाह अंसारी ने बताया कि स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक (2019, 2023 एवं अन्य बैच) तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारी, जिन्होंने अपनी परिवीक्षाधीन अवधि पूर्ण कर ली है, उनके सेवा संपुष्टि हेतु माध्यमिक निदेशालय द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद अब तक कई मामलों में सेवा संपुष्टि लंबित है। संघ ने सभी योग्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सेवा संपुष्टि शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अलावा, कई शिक्षकों के नियुक्ति पत्रों में जन्मतिथि, वर्ग, नाम आदि से संबंधित टंकण त्रुटियां पाई गई हैं, जिनके सुधार के लिए बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। संघ ने इन त्रुटियों को सुधारते हुए शुद्धि पत्र जारी करने की मांग की है।
संघ ने अपने पूर्व में सौंपे गए पत्रांक 01 दिनांक 06 अप्रैल 2026 पर भी यथाशीघ्र कार्रवाई करने की बात कही है। साथ ही, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शिक्षकों, जिन्हें विभागीय अनुमति के तहत स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है, उनकी सेवा निरंतरता को अद्यतन करने की भी मांग की गई है।
संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से सभी बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक कठिनाइयों से मुक्ति मिल सके। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ सकता है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें