गढ़वा:महुलिया गांव में सड़क हादसे के बाद गुरुवार शाम भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 84 नामजद और 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, घटना के दौरान हिरासत में लिए गए 14 आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जेल भेजे गए आरोपितों में उचरी निवासी आजाद समाज पार्टी के महासचिव सिराज खान, टंडवा निवासी रामजी राम, महुलिया गांव के वीरेंद्र विश्वकर्मा व विनोद राम, निमियाडीह के मुबारक अंसारी, नवाडीह के विनय कुमार विश्वकर्मा व उपेंद्र विश्वकर्मा, कोण थाना क्षेत्र के खेत कटवा निवासी राकेश पटेल, भदुमा गांव के कमल सिंह समेत अन्य शामिल हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से जब्त की गई 24 मोटरसाइकिलों के मालिकों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि गुरुवार को महुलिया मोड़ पर जाम हटाने के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा और करीब 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद ही भीड़ को तितर-बितर कर जाम हटाया जा सका।
इस घटना में दो थाना प्रभारी समेत कुल 18 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
एसपी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही, हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर के मालिक की पहचान कर ली गई है और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









