रंका सीएचसी परिसर में लायंस क्लब ऑफ़ गढ़वा ऑसम द्वारा वृक्षारोपण, 25 पौधे लगाए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा लायंस सर्विस सप्ताह (18 अप्रैल से 26 अप्रैल) के अंतर्गत तीसरे दिन, 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को लायंस क्लब ऑफ़ गढ़वा ऑसम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रंका के परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ 25 पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि लगाए गए पौधे आने वाले समय में न केवल क्षेत्र को हरियाली प्रदान करेंगे, बल्कि छाया देकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होंगे और स्थानीय निवासियों को लाभान्वित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।
उपजिलापाल कंचन साहू ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ़ गढ़वा ऑसम का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। क्लब के उपाध्यक्ष राकेश पाल ने बताया कि लायंस सर्विस सप्ताह के अंतर्गत क्लब द्वारा प्रतिदिन विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपजिलापाल ला. कंचन साहू, उपाध्यक्ष ला. राकेश पाल, नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, सचिव उपेंद्र ठाकुर, विश्वास शर्मा, सुशील कुमार, ज्योति प्रकाश केशरी, देवेंद्र गुप्ता, सरोज सिंह सहित अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस पुनीत कार्य को सफल बनाया।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें