गढ़वा जिला के भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने 14 अप्रैल को प्रखंड परिसर से सहिजना मोड़ स्थित बाबा साहब की प्रतिमा तक “खबरदार मार्च” निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए – “संविधान बदलने की साजिश नहीं चलेगी,” “नफरत की राजनीति बंद करो,” “कॉर्पोरेट लूट पर रोक लगाओ,” “लोकतंत्र की हत्या बंद करो,” “संविधान पर हमला नहीं सहेंगे,” और “बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”
मार्च के बाद बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए माले नेताओं ने कहा कि 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की 134वीं जयंती और शहीद कॉमरेड गुरदास चटर्जी की 25वीं शहादत दिवस के रूप में मनाया गया।
भाकपा माले नेताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारत को एक समतामूलक, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उन्होंने संविधान के माध्यम से दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों को बराबरी का अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। आज जब देश को एक धर्म विशेष की ओर धकेलने की कोशिश हो रही है, अंबेडकर की चेतावनी और अधिक प्रासंगिक हो जाती है। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि “अगर भारत एक हिंदू राष्ट्र बनता है तो यह इस देश का सबसे बड़ा दुर्भाग्य होगा। यह एक प्रतिक्रियावादी देश होगा जिसमें स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के लिए कोई स्थान नहीं होगा।”
माले नेताओं ने कहा कि अंबेडकर की विरासत को बचाने का अर्थ है – संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा करना, और फासीवाद के खिलाफ निर्णायक जन आंदोलन खड़ा करना।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद कॉमरेड गुरदास चटर्जी की 25वीं शहादत दिवस की श्रद्धांजलि सभा से हुई, जो प्रखंड कार्यालय, गढ़वा में आयोजित हुई। कार्यकर्ताओं ने 1 मिनट का मौन रखकर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। नेताओं ने कहा कि 14 अप्रैल 1999 को विधायक अरूप चटर्जी को कोल व भू-माफियाओं और सामंती ताकतों ने सत्ताधारी गठजोड़ के तहत साजिशन हत्या कर दी थी।
सभा में माले नेताओं ने गुरदास चटर्जी की विरासत और अंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए जनता से एकजुट होने का आह्वान किया और सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता तथा फासीवादी हमलों के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग:
भाकपा माले जिला सचिव कालीचरण मेहता, राज्य कमेटी सदस्य सुषमा मेहता, जिला कमेटी सदस्य अख्तर अंसारी, संजय चंद्रवंशी, वीरेन्द्र चौधरी, प्रखंड कमेटी सदस्य संतोष चौधरी, कुंदन मेहता, सुरेश चौधरी, मनु राम, महेश चौधरी, रामेश्वर राम, अजय मेहता, अमृत सिंह, उषा देवी, अनिता देवी, विमला देवी, अमित विश्वकर्मा, सूरज मेहता, विक्रम चौधरी, टीकू पासवान, अरविंद मेहता, सूर्या मेहता, मार्टिना पॉल, सारा पॉल आदि।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










