एकअगस्त को होगा ‘छोटू महाराज सिनेमा हॉल’ का उद्घाटन गढ़वा के लोगों को अब रांची-बनारस नहीं जाना पड़ेगा फिल्म देखने

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। गढ़वा प्रखंड के बघौता मोड़ स्थित द रॉयल ग्रैंड रिजॉर्ट एंड रेस्टोरेंट परिसर में 1 अगस्त को छोटू महाराज सिनेमा हॉल का उद्घाटन किया जाएगा। इसका उद्घाटन गढ़वा के उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के कर-कमलों से होगा।
इसकी जानकारी रविवार को द रॉयल ग्रैंड रिजॉर्ट एंड रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. अनिल कुमार साह ने दी।

उन्होंने बताया कि बीते 20 वर्षों से गढ़वा जिले में कोई सिनेमा हॉल नहीं था, जिस कारण यहां के लोगों, विशेषकर युवाओं को नई फिल्में देखने के लिए रांची, बनारस, रेणुकूट जैसे शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। इससे न सिर्फ आर्थिक हानि होती थी, बल्कि समय की भी बर्बादी होती थी।

अब छोटू महाराज सिनेमा हॉल के शुरू होने से स्थानीय युवाओं और आम नागरिकों को अपने जिले में ही नए-नए फिल्मों का आनंद मिल सकेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

डॉ. साह ने यह भी कहा कि गढ़वा जिला आज भी पिछड़े जिलों में गिना जाता है। यह बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाओं से सटा हुआ है, जहां से कई लोग गढ़वा आते हैं। ऐसे में यह सिनेमा हॉल पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी आकर्षित करेगा, जिससे यहां के पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रेस वार्ता में छोटू महाराज सिनेमा हॉल के संस्थापक डॉ. आयुष कुमार, गोरखनाथ साह, जगनारायण साह, रामाकांत प्रसाद, योगेंद्र कुमार, नंदा पासवान सहित द रॉयल ग्रैंड रिजॉर्ट के सभी कर्मचारी उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें