बंशीधर नगर: जेसीबी लदे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित परिजनों ने NH-75 किया जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बंशीधर नगर-गढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर स्थित पाल्हे कला गांव के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रमना थाना क्षेत्र के सीरियाटोंगर गांव निवासी अखिलेश मेहता (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

दुर्घटना का विवरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अखिलेश मेहता अपनी मोटरसाइकिल से बंशीधर नगर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाल्हे कला गांव के पास एक जेसीबी लदा ट्रेलर पीछे की ओर आ रहा था। जब तक अखिलेश कुछ समझ पाते, ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को कुचल दिया। ट्रेलर के पीछे के दोनों टायरों के बीच उनकी मोटरसाइकिल फंस गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

आक्रोशित परिजनों ने किया NH-75 जाम
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आदित्य नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को हटाने का निर्देश दिया। लेकिन मृतक के आक्रोशित परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-75 को जाम कर दिया और शव उठाने से इनकार कर दिया। उन्होंने मौके पर एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारियों को बुलाने और मुआवजे की मांग पर अड़ गए।

प्रशासन का हस्तक्षेप
घटना के एक घंटे बाद पहुंचे सीओ विकास कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर रतन कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

राजनीतिक दलों का हस्तक्षेप
दुर्घटना की सूचना मिलने पर झामुमो के वरिष्ठ नेता ताहिर अंसारी, मुक्तेश्वर पांडेय सहित कई राजनीतिक दलों के नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन और स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप के बाद ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सका और यातायात बहाल हुआ।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें