गढ़वा: जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ कर्मा पूजा का आयोजन किया गया। यह पर्व खासकर आदिवासी समाज द्वारा धूमधाम से मनाया जाता है। इस मौके पर महिलाओं ने व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और भाई की लंबी उम्र की कामना की।
कर्मा पर्व पर युवतियों और महिलाएं नए वस्त्र धारण कर सामूहिक नृत्य और गीत प्रस्तुत करती हैं। ढोल, मांदर और नगाड़ों की थाप पर देर रात तक नाच-गान का कार्यक्रम चलता रहा। पूजा के दौरान कर्मा देव की डाल को लाकर गांव के मध्य स्थापित किया गया और परंपरागत विधि से उसकी पूजा-अर्चना की गई।
समाज के बुजुर्गों ने कर्मा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते और समाज में प्रेम-सौहार्द बनाए रखने का संदेश देता है। इस दौरान गांवों में मेले जैसी रौनक देखने को मिली और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










