रा.उ.म.वि. परिहारा में 195 छात्र-छात्राओं के बीच बैग का वितरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा परिहारा।राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिहारा में आज पंचायत समिति सदस्य (BDC) प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक के संयुक्त प्रयास से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच नि:शुल्क बैग का वितरण किया गया।
ज्ञात हो कि झारखंड सरकार द्वारा स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को नि:शुल्क बैग उपलब्ध कराया जाता है। इसी योजना के तहत आज विद्यालय के लगभग 195 बच्चों को बैग प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधाकर शुक्ल ने मुख्य अतिथि के समक्ष विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के लिए शौचालय एवं चारदीवारी निर्माण की मांग रखी। इस पर संजय कुमार सिंह ने तत्काल घोषणा करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टी से पहले छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
यह घोषणा सुनते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने प्रतिनिधि के समर्थन में जय-जयकार किया। साथ ही श्री सिंह ने विद्यालय की चारदीवारी निर्माण के लिए उपायुक्त से मिलकर पहल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन एवं पढ़ाई की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
इस मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधाकर शुक्ल, शिक्षक साकेत कुमार तिवारी, ख्रिस्टीना बारला, राजेन्द्र पासवान, सुखदेव राम, संगीता कुमारी एवं दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें