उत्क्रमित उच्च विद्यालय ओबरा, गढ़वा में प्रथम बार ‘बैगलेस डे’ का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा ओबरा (गढ़वा), 24 अप्रैल 2026 (शुक्रवार): उत्क्रमित उच्च विद्यालय, ओबरा में आज पहली बार ‘बैगलेस डे’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची के निदेशक शशि रंजन के पत्रांक 03-01/2026/661 दिनांक 30.03.2026 के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसके तहत मध्य स्तर (कक्षा 6 से 8) के विद्यार्थियों के लिए बैगलेस डे से संबंधित गतिविधियां संचालित करने का निर्देश प्राप्त है।
निर्देश के आलोक में आज कक्षा 6 से 8 के सभी छात्र-छात्राएं बिना पुस्तक, कॉपी एवं बैग के विद्यालय पहुंचे और विभिन्न रचनात्मक व शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शारीरिक गतिविधियों के साथ की गई, जिससे बच्चों में उत्साह का संचार हुआ।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अंग्रेजी, हिंदी एवं संस्कृत में कविताएं प्रस्तुत की गईं। विद्यालय के शिक्षक श्री राम लगन राम ने बैगलेस डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेरित किया। शिक्षिका सरोजनी डोढराय ने बच्चों के साथ कई रोचक गतिविधियां कराईं, जिसमें बिना बोले अपनी दिनचर्या को प्रस्तुत करने की गतिविधि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही उन्होंने प्रेरणादायक कहानी भी सुनाई।
कार्यक्रम के दौरान कैरम प्रतियोगिता, पंजा लड़ाना प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षिका सलमा बानो शेख ने बैगलेस डे पर गीत प्रस्तुत किया, वहीं शिक्षक राम लगन राम ने भी प्रेरणा गीत के माध्यम से बच्चों को उत्साहित किया।
ओबरा सीआरसी के संकुल साधन सेवी श्री चंद्रशेखर दुबे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए शिक्षकों को ऐसे आयोजन निरंतर कराने के लिए प्रोत्साहित किया। नवनियुक्त सहायक आचार्य ब्रजेश साह ने भी बैगलेस डे के महत्व को विस्तार से बताते हुए एक गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पौधों का अवलोकन कराते हुए उनके बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने का आनंद लिया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार वर्ष में कुल 10 दिनों तक बैगलेस डे का आयोजन किया जाना है। उन्होंने इस पहल के महत्व एवं लाभों के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह दिन उनके लिए अत्यंत आनंददायक, रोमांचक एवं सीखने से भरपूर रहा। बच्चों ने उत्साह के साथ नारा लगाया—
“बैगलेस डे आज है, आनंददायक आज है।”
इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विद्यालय के शिक्षक श्री राम लगन राम एवं अमित रंजन को प्रभारी बनाया गया था। मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण—गुलाब रब्बानी अंसारी, योगेश्वर राम, मोहम्मद नौशाद, वारिस सिद्दीकी, मोहम्मद आशिक अंसारी, रामनरेश सिंह, सुरेश राम, विक्की कुमार सिंह, सद्दाम अंसारी, निशा कुमारी, वरीय शिक्षिका सीमा कुमारी, सुचिता एक्का, रेखा मिंज एवं नूतन सरिता डुंगडुंग सहित अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन अमित रंजन द्वारा किया गया।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें