विशुनपुरा में बुलडोजर की गड़गड़ाहट: अतिक्रमण पर प्रशासन का वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा विशुनपुरा लंबे इंतजार, चेतावनी और विरोध-प्रदर्शनों के बाद आखिरकार विशुनपुरा में प्रशासन ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया. संध्या मोड़ से लेकर पुरानी पंचायत भवन स्थित लाल चौक तक अंचल अधिकारी खगेश कुमार और थाना प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया. बुलडोजर की गड़गड़ाहट के साथ ही इलाके में हड़कंप मच गया. और अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल दिखा.
दरअसल इस कार्रवाई की नींव उस समय पड़ी जब प्रखंड प्रमुख दीपा कुमारी ने श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा से मिलकर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी. 6 अप्रैल को अनुमंडल पदाधिकारी ने पत्र जारी कर 10 अप्रैल तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं दिखा. इसके बाद अंचल प्रशासन ने दोबारा सख्ती दिखाते हुए 22 अप्रैल तक का अल्टीमेटम जारी किया था.
समय सीमा बीतने और अतिक्रमण बरकरार रहने के बाद प्रशासन ने आखिरकार सख्त कदम उठाया है. हालांकि इससे पहले 13 अप्रैल को कार्रवाई में देरी से नाराज प्रखंड प्रमुख ने अंचल अधिकारी का पुतला दहन कर विरोध जताया था. उसी दिन लाल चौक के कुछ ग्रामीणों ने भी पलटवार करते हुए प्रमुख और उनके प्रतिनिधि के खिलाफ शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया, जिससे मामला पूरी तरह सियासी रंग ले गया.

इधर, अतिक्रमण हटाने के बाद लाल चौक पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. अतिक्रमण हटने के बाद लाल चौक के कुछ लोगों ने सब्जी विक्रेताओं को हटाते हुए साफ कह दिया कि अब यहां सब्जी बाजार नहीं लगेगा. लाल चौक के लोगों का कहना है कि पूर्व मे वर्षों से पुरानी बाजार में सब्जी मंडी लगती आ रही थी. इसलिए इसे वहीं पुनः शुरू किया जाना चाहिए.

फिलहाल, प्रशासन की इस सख्ती के बाद अतिक्रमणकारियों में डर साफ दिख रहा है. कई लोग खुद ही अपने अवैध कब्जे हटाने में जुट गए हैं.

इस सम्बंध में सीओ खगेश कुमार ने कहा कि बाजार क्षेत्र में मापी कर अतिक्रमण किये लोगो को हटाया जाएगा.

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें