गढ़वा जिले के एनएच-343 पर पचपड़वा के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवती की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रामकंडा थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी रामबली सिंह की 22 वर्षीय पुत्री कविता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव के एक युवक के साथ स्कूटी पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए नामधारी कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान पचपड़वा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कविता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इधर, युवा समाजसेवी मुनेश्वर सिंह सदर अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










