गढ़वा डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव निवासी शिवधर यादव को रविवार रात करीब 10 बजे गांव के ही विकास यादव (पिता उदय यादव) ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल शिवधर यादव को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में शिवधर यादव ने बताया कि गांव के ही विकास यादव से किसी बात को लेकर बातचीत हो रही थी, तभी अचानक विकास यादव भड़क गया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि विकास यादव के बाबा ने भी मारपीट में उसका साथ दिया, जिससे शिवधर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को मेराल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए गढ़वा रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, शिवधर यादव के माथे में गंभीर चोट लगी है और उनका इलाज जारी है।
इस मामले में थाना प्रभारी अवधेश कुमार यादव ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










