मेराल: भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा मेराल में एसपी दीपक कुमार पांडे के निर्देश पर डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने मंगलवार सुबह मेराल में एनएच-75 पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक कार को जब्त किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया।

मंगलवार को मेराल थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि एसपी दीपक कुमार पांडे को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से बिहार जा रही एक मारुति कार में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस मुख्य सड़क पर सतर्क थी और सुबह करीब 4:00 बजे एक काले रंग की कार वहां पहुंची। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सवार दो लोग गाड़ी छोड़कर भागने लगे। थाना प्रभारी विष्णु कांत, अन्य पदाधिकारी और पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जैकी कुमार (28 वर्ष), पिता रामजी पासवान, और कुंदन कुमार (25 वर्ष), पिता अरुण पासवान, दोनों निवासी अरवल, बिहार के रूप में हुई है। जैकी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। दोनों ने बताया कि वे हरियाणा से बिहार अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे और पहले भी इस कारोबार में शामिल रहे हैं।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना अमित पुरोहित है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में पटना में रहकर शराब की तस्करी करता है।

बरामद सामान:

  • रेड लेबल (750 एमएल) – 156 बोतल
  • ब्लेंडर प्राइड (750 एमएल) – 24 बोतल
  • मैजिक मोमेंट ट्रिपल डिस्टिल्ड (750 एमएल) – 36 बोतल
  • मैजिक मोमेंट फ्लेवर (750 एमएल) – 24 बोतल
  • काले रंग की मारुति कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 01AN 4142)
  • बिहार और दिल्ली के दो फर्जी नंबर प्लेट

पुलिस जांच में पता चला कि अपराधी जिस भी राज्य में प्रवेश करते थे, वहां की नंबर प्लेट गाड़ी में लगा देते थे ताकि पकड़े न जा सकें।

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी विष्णु कांत, एसआई संजय कुमार, एसआई दीपक पासवान, एसआई रवि कुमार, प्रेम प्रकाश पांडे, सहायक अवर निरीक्षक तुलेश्वर गंझू और आरक्षी छोटू माझी, गिरजा मोची, अनिल राम आदि शामिल थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें