एसपीडी कॉलेज में एनएसएस द्वारा महिला दिवस का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय सूरत पांडेय डिग्री कॉलेज, गढ़वा में एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) के तत्वावधान में शनिवार को महिला दिवस मनाया गया। इस मौके पर “एक्सीलरेट एक्शन” विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। साथ ही, महाविद्यालय की छात्रा सिमरन सोनी को पेंटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. निकलेश चौबे ने कहा कि यह दिन न केवल महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और योगदान को पहचानने के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को लेकर नए कदम उठाने की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने इतिहास में हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है, चाहे वह शिक्षा, राजनीति, विज्ञान या खेल का मैदान हो। उन्होंने नारी को केवल एक शब्द न मानकर संपूर्ण सृष्टि का आधार बताया।

कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कमलेश सिन्हा ने कहा कि हमारे महाविद्यालय की बेटियां आज हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। इसी कड़ी में पेंटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सिमरन सोनी को सम्मानित किया गया है।

प्रो. विवेकानंद उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ममता और त्याग का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में उल्लेख है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है।

डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन उनके सामने अभी भी कई चुनौतियाँ हैं। वहीं, डॉ. संजीव मिश्रा ने कहा कि यदि हम समाज को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले महिलाओं को सशक्त बनाना होगा।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बिनोद द्विवेदी ने किया। इस मौके पर प्रो. शबनम खातून, रागिनी कुमारी, जया कुमारी, शुभम केशरी, रचित गुप्ता, रीचा कुमारी, पायल कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें