गढ़वा-रंका सड़क पर ट्रक की टक्कर से मजदूर गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा-रंका मुख्य सड़क पर नारायणपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर अपने घर से गढ़वा मजदूरी करने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था। तभी नारायणपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के उड़सुगी गांव निवासी तारकेश उरांव (30 वर्ष), पिता शिव प्रसाद उरांव के रूप में हुई है। हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। इसी दौरान युवा समाजसेवी दौलत सोनी वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत घायल को अपने वाहन से गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार करवाया।

फिलहाल घायल मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें