गढ़वा उपायुक्त शेखर जमुआर के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में मंगलवार देर रात मंडल कारा गढ़वा में औचक छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान में कई दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल की उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से मंडल कारा के सभी वार्डों में समय-समय पर औचक जांच एवं निरुद्ध कैदियों की विधिवत तलाशी की जाती है। इसी क्रम में मंगलवार मध्य रात्रि को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल द्वारा मंडल कारा गढ़वा के सभी वार्डों की सघन तलाशी ली गई।
इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, बीडीओ गढ़वा कुमार नरेंद्र नारायण, सीओ मेराल यशवंत नायक, प्रशिक्षु उपसमाहर्ता रविकांत शर्मा, थाना प्रभारी गढ़वा बृज कुमार, थाना प्रभारी मेराल विष्णुकांत, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य थाना प्रभारी स्तर के कई अधिकारी शामिल थे। इस अभियान में लगभग 200 से अधिक पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
छापेमारी के दौरान गठित विभिन्न टीमों ने महिला वार्ड सहित सभी वार्डों में गहन तलाशी ली। यह तलाशी अभियान रात्रि 10:30 बजे शुरू हुआ और लगभग मध्यरात्रि तक चला।
कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान जेल या कारा वार्डों में कोई भी संवेदनशील या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, जो कि जेल मैनुअल के नियमों के प्रतिकूल हो। उन्होंने कहा कि यह छापेमारी एक नियमित प्रक्रिया के तहत की गई थी।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










