मेराल: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव कुएं में मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा मेराल थाना क्षेत्र के लखेया गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लखेया गांव निवासी राजेश्वर पासवान के 21 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार पासवान के रूप में हुई है।

मृतक के बाबा रामजी पासवान ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के ही देवमुनि बैठा के पुत्र सुनील बैठा और रामेश्वर बैठा के पुत्र अमित बैठा बुलेट मोटरसाइकिल से उनके घर आए और चंदन को अपने साथ ले गए। शाम 7 बजे दोनों युवक एक अज्ञात व्यक्ति के साथ लौटे और चंदन के बारे में पूछताछ करने लगे। उन्होंने बताया कि चंदन उनके साथ था और शराब पी थी, लेकिन वह घर नहीं लौटा।

इसके बाद परिजनों ने चंदन की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 400 मीटर दूर विश्वनाथ ठाकुर के घर के पीछे सिंचाई कुएं के पास चंदन की चप्पल मिली। कुएं में देखने पर उसका शव नजर आया, जिसकी जेब में मोबाइल की लाइट जल रही थी। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और तुरंत निजी अस्पताल, मेराल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने चंदन की मौत को हत्या बताते हुए दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर रविवार सुबह थाना प्रभारी विष्णु कांत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतल और कुएं का पानी जांच के लिए जब्त कर लिया है।

ग्रामीणों ने इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मौके पर मुखिया वीरेंद्र नाथ तिवारी, समाजसेवी शिवकुमार चौधरी, वीरेंद्र ठाकुर, विनोद पासवान समेत कई लोग उपस्थित थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें