गढ़देवी मुहल्ला स्थित नरगिर आश्रम में चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर आयोजित रामकथा के प्रथम दिवस का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक दीपक पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि अलखनाथ पाण्डेय और समाजसेवी राकेश पाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अयोध्या के पूज्य संत श्री बालस्वामी अवधेन्द्र प्रपन्नाचार्य एवं उनके साथ आए विद्वत आचार्यों एवं वादकों की टीम ने संगीतमय कथा वाचन का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ किया।
जिला पुलिस कप्तान दीपक पाण्डेय ने जिलेवासियों को पर्व धूमधाम से मनाने का आग्रह करते हुए यह भी कहा कि आयोजन से किसी को असुविधा न हो। उन्होंने रामचरित मानस में वर्णित रामजी के मर्यादित चरित्र से प्रेरणा लेने और उसे अपने जीवन में उतारने की बात कही। उन्होंने कहा कि रामकथा जीवन के तनाव को कम करने और सही मार्ग दिखाने का कार्य करती है।
विशिष्ट अतिथि अलखनाथ पाण्डेय ने रामचरित मानस को सार्वकालिक ग्रंथ बताते हुए इसमें वर्णित उच्च आदर्शों को आत्मसात करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि रामायण परोपकार की शिक्षा देती है और समाजसेवियों को इससे प्रेरणा लेकर त्याग भाव से कार्य करना चाहिए।
समाजसेवी राकेश पाल ने रामकथा को सर्वाधिक लोकप्रिय बताते हुए कहा कि यह सदियों से लोगों को सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती आई है।
प्रथम दिवस की कथा में पूज्य संत बालस्वामी जी ने धर्म और आध्यात्म की चर्चा करते हुए इसे आधुनिक युग में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि जब पृथ्वी पर अधर्म और अनीति चरम पर पहुंच जाते हैं, तब परमब्रह्म परमेश्वर अवतार लेकर उसका नाश करते हैं। आज की कथा में शिव-पार्वती विवाह का रोचक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
रामकथा समिति के अध्यक्ष चंदन जायसवाल ने कहा कि नरगिर आश्रम में लगातार चौथे वर्ष रामकथा का आयोजन एक बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान पूरा मुहल्ला राममय हो जाता है। उन्होंने कथा की सफलता का श्रेय मुहल्लेवासियों एवं कार्यकर्ताओं को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में इनका रहा विशेष योगदान
रामकथा को सफल बनाने में दीनानाथ बघेल, जयशंकर बघेल, गुड्डू हरि, विकास ठाकुर, भरत केशरी, गौतम शर्मा, धर्मनाथ झा, अजय राम, गौतम चंद्रवंशी, सोनू बघेल, पवन बघेल, सुमित लाल, अजय सिंह, राकेश चंद्रा, सूरज सिंह, शांतनु केशरी, शुभम् चंद्रवंशी, सोनू, सुन्दरम्, शिवा सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










