*झारोटेफ गढ़वा द्वारा आयोजित “ध्यानाकर्षण रैली” का आग़ाज़ सात अप्रैल को प्रखण्ड गढ़वा से होगा: जिलाध्यक्ष*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखण्ड ऑफिसर्स टीचर्स एंड एंप्लॉई फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज झारोटेफ जिला ईकाई गढ़वा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में एक अत्यावश्यक बैठक आयोजित कर प्रखण्ड स्तरीय “ध्यानाकर्षण रैली- सह- ज्ञापन कार्यक्रम” को आयोजित करने हेतु सर्वसम्मति से प्रखंडवार तिथि निर्धारित किया गया।
इस बाबत जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने विस्तार रूप से बताया कि झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एण्ड एंप्लॉईज फेडरेशन (JHAROTEF) के तत्वाधान में राज्य के सरकारी कर्मचारियों के ज्वलंत मांगों की पूर्ति हेतु आहूत आन्दोलन के प्रथम चरण में “हस्ताक्षर महाअभियान” की शानदार सफलता के उपरांत आंदोलन के द्वितीय चरण में जिला अंतर्गत समस्त प्रखंडों में प्रखंड के समस्त सरकारी शिक्षकों,कर्मियों एवं पदाधिकारियों के द्वारा प्रखंड मुख्यालय में राज्य सरकार का उपर्युक्त मुद्दों के प्रति *”ध्यानाकर्षण रैली”* का आयोजन क्रमशः दिनांक 04 अप्रैल 2025 से 23 अप्रैल 2025 के मध्य किया जाएगा। उक्त *ध्यानाकर्षण रैली* के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों के कर्मचारी अपने न्यायोचित मांगों के निमित प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, झारखंड सरकार को ज्ञापन पत्र सौंपेंगे । ज्ञापन पत्र के साथ कर्मचारियों के द्वारा की गई हस्ताक्षर की प्रति भी संलग्न किया जायेगा।
संगठन के प्राथमिक मांगों के अंतर्गत 1. अन्य राज्य कर्मियों की भांति शिक्षक संवर्ग को MACP का लाभ देने, 2. राज्य कर्मियों की सेवानिवृत्ति की उम्र 62 वर्ष करने एवं 3. केंद्रीय कर्मचारियों की भांति राज्य कर्मियों को शिशु शिक्षण भत्ता प्रदान करने सहित 11 सूत्री मांग शामिल हैं।
इस बावत झारोटेफ के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि आन्दोलन के प्रथम चरण में उपरोक्त प्राथमिक मांगों को लेकर पूरे जिले में “हस्ताक्षर महाअभियान” चलाया गया जिसमें *अभी तक एक हजार से अधिक कर्मचारियों ने आन्दोलन के समर्थन में हस्ताक्षर करते हुए राज्य सरकार से इन मांगों को पूरा करने का आग्रह किया है।* यह अपने आप में अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक है तथा किसी संगठन के द्वारा अब तक के सर्वाधिक संख्या में हस्ताक्षर को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक हस्ताक्षर महाअभियान की सफलता के लिए प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत कुमार सिंह ने संगठन के समस्त पदाधिकारियों, विभिन्न संघों के संघीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया है।
झारोटेफ जिला ईकाई गढ़वा के जिला सचिव विमलेश कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2024 में झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित अन्य सतारूढ़ दलों ने संगठन के मांग पत्र के अधिकांश मुद्दों को अपने घोषणा पत्र में भी सम्मिलित करते हुए इन्हें पूर्ण करने का वादा किया है। वर्तमान सरकार कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है इसी सरकार के द्वारा पुरानी पेंशन व्यवस्था, शिशु देखभाल अवकाश एवं कैशलेस मेडिकल जैसे कई संवेदनशील एवं गंभीर मुद्दों का समाधान निकाला गया है। इसलिए कर्मचारियों की उम्मीदें माननीय मुख्यमंत्री से और बढ़ जाती है और उन्हें विश्वास है कि राज्य सरकार राज्य कर्मियों के न्यायोचित मांगों को शीघ्र पूरा करेगी।
झारोटेफ के जिला प्रवक्ता डॉ कृष्ण कुमार यादव ने उक्त कार्यक्रम को सफलीभूत आयोजित करने हेतु प्रखंडवार तिथियों की घोषणा करते हुए बताया कि दिनांक 07अप्रैल को प्रखण्ड गढ़वा, मेराल, रंका, चिनियां एवं सगमा में;
09अप्रैल को प्रखण्ड धुरकी, डंडई, रमकंडा, भंडरिया एवं बड़गड़ में;
11अप्रैल को प्रखण्ड रमना, विशुनपुरा, मंझियाव, बरडीहा एवं डंडा में;
23अप्रैल को भवनाथपुर, खरौंधी, केतार, नगर उतारी एवं कांडी में
“ध्यानाकर्षण रैली” आयोजित की जाएगी।
अन्त में, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने सभी प्रखण्ड अध्यक्षों सहित समस्त प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों एवं सभी सरकारी शिक्षकों कर्मियों एवं सदस्यों से करबद्ध अनुरोध किया है कि उक्त कार्यक्रम में आवश्यक रूप से शामिल होकर कार्यक्रम को सफलीभूत करने का यथासंभव प्रयास करेंगे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें