बच्चों के समग्र विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुला संवाद आवश्यक होता है, जिससे सहयोगात्मक साझेदारी को बल मिलता है। पेरेंट्स-टीचर्स मीट (PTM) बच्चों के शैक्षणिक व व्यक्तिगत विकास के लिए एक सेतु का कार्य करता है। इसी कड़ी में स्थानीय जीएन कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अभिभावक-शिक्षक परिचर्चा तथा यूनिट-2 परीक्षा परिणाम प्रकाशन के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सम्मानित अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति और सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद मदन प्रसाद केशरी, उप-प्राचार्य बसंत ठाकुर एवं उपस्थित अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों का स्वागत भाषण उप-प्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा किया गया। अपने संबोधन में निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक बैठकें शैक्षणिक व्यवस्था का एक आवश्यक अंग हैं। यह एक ऐसा मंच प्रदान करती हैं, जहां शिक्षक और अभिभावक बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, व्यवहार एवं आवश्यकताओं पर खुलकर चर्चा कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी बैठकों का मुख्य उद्देश्य एक प्रभावी संवाद स्थापित करना है, जिससे बच्चे की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहारिक विकास और समग्र कल्याण के लिए समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित किया जा सके। दोतरफा संवाद से न केवल अभिभावक अपने बच्चों की सीखने की शैली और आवश्यकताओं को बेहतर समझ सकते हैं, बल्कि शिक्षक भी बच्चों के पारिवारिक परिवेश और व्यक्तिगत परिस्थितियों से अवगत हो सकते हैं।
इस मौके पर नीरा शर्मा ने पीटीएम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने भी अपने विचार और सुझाव विद्यालय प्रबंधन के साथ साझा किए।
इस अवसर पर हर कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बसंत ठाकुर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वीरेंद्र शाह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों – खुर्शीद आलम, वीरेंद्र शाह, कृष्ण कुमार, मुकेश भारती, विकास कुमार, दिनेश कुमार, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता, रागिनी, चंदा, ऋषभ श्रीवास्तव, संतोष प्रसाद आदि की सराहनीय भूमिका रही।
इस अवसर पर नेहा पाण्डेय, अर्चना तिवारी, संगीता देवी, नेहा गुप्ता, भोला प्रसाद पटवा, गौतम सिंह, दिलीप कुमार केशरी, सीमा केशरी, चंदा कुमारी, रेखा देवी, नागेंद्र धर दुबे समेत अन्य सम्मानित अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
—
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










