गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने टारगेट को किया सूट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा : गढ़वा जिला राईफल क्लब द्वारा स्थानीय ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल में रविवार को दूसरा गढ़वा जिला शुटिंग चैंपियनशीप का आयोजन किया गया. इसमें विभिन्न 10 साल से लेकर 70 साल की उम्र तक के करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उदघाटन पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने फीता काटकर एवं एयरगन व एयर पीस्तौल से टारगेट शुट कर किया. इस मौके पर बोलते हुये उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता का गढ़वा जिला में आयोजन किया जाना एवं यहां के लोगों व बच्चों में इसके प्रति रूचि होना बड़ी बात है. वे चाहते हैं कि आनेवाले समय में गढ़वा जिले से भी शुटिंग के क्षेत्र में प्रतिभागी आगे बढ़ें और अभिनव बिंद्रा की तरह अपने जिले, राज्य व देश का नाम रौशन करें. उन्होंने कहा कि जिस तरह से राईफल से टारगेट शुट किया जाता है. उसी तरह से बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य तय करके उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिये. इस मौके पर गढ़वा जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ पंकज प्रभात ने कहा कि जब भी उन्हें जरूरत होगी, वे खेल के आयोजन को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग करेंगे. इस मौके पर डॉ पातंजली केसरी ने भी कहा कि वर्तमान समय में जब बच्चे मोबाईल व इंटरनेट की दुनिया में खोये हुये हैं, उन्हें आउटडोर व इनडोर गेम के प्रति रूची जगाने की जरूरत है. खेल संघ इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनिता दत्त ने कहा कि खेल कोई भी हो उसमें पूरी तरह से रूचि व तन्मयता के साथ आगे बढ़ा जाये, तभी उसमें प्रतिभागी अपना बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे. इसके पूर्व गढ़वा जिला राईफल क्लब के अध्यक्ष आलोक मिश्रा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का संचालन सचिव सत्येंद्र प्रसाद यादव एवं धन्यवाद ज्ञापन ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक मदन प्रसाद केसरी ने किया. इस अवसर पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, अनु दूबे, उदयनारायण तिवारी, क्रिकेट संघ के सचिव राघवेंद्र नारायण सिंह, वॉलीवॉल संघ के ओमप्रकाश तिवारी, ओमप्रकाश गुप्ता, मनोज संसाई, कौशलेश तिवारी, पीयूष प्रयाग, राजकमल तिवारी, अजयकांत, धीरज कुमार आदि उपस्थित थे.

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें