गढ़वा: शहर के टंड़वा में स्थित केंद्रीय विद्यालय तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर और कीचड़ से भरा हुआ है। इस रास्ते से रोजाना लगभग 400 बच्चे स्कूल आते-जाते हैं, लेकिन अभी तक इस सड़क की मरम्मत या पक्कीकरण को लेकर प्रशासन की कोई ठोस पहल नहीं दिखी है।
विद्यालय में पढ़ाई के लिए आने वाले छोटे-छोटे बच्चों को हर दिन कीचड़ और फिसलन भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके गिरने और घायल होने का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। अभिभावकों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा इतना महत्वपूर्ण मुद्दा लगातार अनदेखा किया जा रहा है।
प्रशासन से अपील:
अब समय आ गया है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को संज्ञान में ले और जल्द से जल्द केंद्रीय विद्यालय तक पहुंचने वाले इस मार्ग को पक्का कराए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ रास्ता मिल सके।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










