टंडवा के दिव्यांग बच्चों को मिला जीवन का सहारा, विधिक सेवा प्राधिकार ने व्हीलचेयर प्रदान किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन तथा झालसा, रांची के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा द्वारा रविवार, 17 अगस्त 2025 को एक सराहनीय पहल की गई।

प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार एवं सचिव श्रीमती निभा रंजना लकड़ा के आदेशानुसार गढ़वा प्रखंड अंतर्गत ग्राम टंडवा, वार्ड संख्या 20 के लालू दास एवं उषा देवी की तीन दिव्यांग संतान—पंकज कुमार, गोल्डन कुमार और शोभा कुमारी—को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

बताया गया कि तीनों बच्चे जन्म के दो-तीन वर्ष बाद दिव्यांग हो गए थे। अब तक ये न तो सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को देख पाए थे और न ही दिन के उजाले का आनंद ले सके थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से “साथी अभियान” के तहत अंतिम व्यक्ति तक न्याय की किरण पहुंचाने के उद्देश्य से गढ़वा प्रखंड पीएलबी मुरली श्याम तिवारी के नेतृत्व में कृष्णानंद दुबे, उमाशंकर द्विवेदी और संगीता सिन्हा ने बच्चों के घर जाकर व्हीलचेयर सौंपी।

व्हीलचेयर मिलने के बाद तीनों दिव्यांग बच्चे और उनका परिवार खुशी से झूम उठे। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब वे भी प्राकृतिक छटा और बाहरी नज़ारों का आनंद ले सकेंगे।

इस पुनीत कार्य में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री नरेंद्र नारायण, प्रवेक्षिका प्रतिमा कुमारी तथा वार्ड सदस्य सविता देवी ने अहम भूमिका निभाई।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें