तेनार गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के तेनार गांव में शनिवार को 25 वर्षीय विवाहिता सुषमा देवी की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सुषमा, कंचन कुमार मेहता की पत्नी थी। सुबह उसका शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है।

शादी के बाद से चल रहा था विवाद
मृतका के पिता शंकर मेहता (निवासी कुकही गांव, भैंसना टोला, थाना हैदरनगर) ने दामाद और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से बेटी की शादी कंचन कुमार मेहता से हुई थी। विवाह के बाद से ही दांपत्य जीवन में विवाद की स्थिति बनी रहती थी और अक्सर बेटी को मायके आकर शिकायत करनी पड़ती थी।

जन्मदिन के कार्यक्रम के बाद बढ़ा तनाव
पिता ने बताया कि सुषमा की एक छोटी बच्ची है और 22 अगस्त को उसका जन्मदिन मनाया गया था। उसी रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। मृतका ने फोन पर मायके वालों को जानकारी दी थी कि ससुराल पक्ष उससे मारपीट कर रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

हत्या का लगाया आरोप
शनिवार सुबह परिजनों को सूचना दी गई कि सुषमा ने फांसी लगा ली। लेकिन मायके वालों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध थी—उसका एक पैर बिस्तर पर और दूसरा जमीन को छू रहा था। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी
गढ़वा थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। साथ ही मृतका के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें