गढ़वा शहर से सटे जोबरैया अशोक बिहार मोहल्ले में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद में अपने ही भाई ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में घायल की पहचान अशोक बिहार मोहल्ला निवासी मानिक चंद साव के पुत्र रणजीत कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रणजीत को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को काफी चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
विवाद से शुरू हुई मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी मामूली बात को लेकर परिवार के अंदर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि रणजीत कुमार के भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि पहले उसके हाथ और पैर रस्सी से बांधे गए और इसके बाद पूरी रात उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।
यही नहीं, सुबह होते ही उसे मोहल्ले के एक पेड़ से बांध दिया गया और उस पर पानी डालते हुए लगातार मारा-पीटा गया। आसपास के लोग घटना को देखते रहे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इस दौरान रणजीत दर्द से तड़पता रहा और परिवारवालों की बेरहमी का शिकार होता रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अहले सुबह घटना की सूचना किसी तरह गढ़वा थाना पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और रणजीत को बंधन से मुक्त कराकर अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घटना में शामिल उसके भाई सहित अन्य लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला दो भाइयों के बीच आपसी विवाद का प्रतीत होता है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ले में चर्चा और दहशत
इस घटना ने पूरे अशोक बिहार मोहल्ले में सनसनी फैला दी है। लोग आपस में चर्चा कर रहे हैं कि किस तरह मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि सगे भाई ने अपने ही भाई को अमानवीय यातनाएँ दीं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि घटना निंदनीय है और यह सामाजिक मूल्यों पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










