गढ़वा : जिले के चिनियां प्रखंड अंतर्गत ग्राम सिगसिगा कला में आम गरमजरुआ रास्ता को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीण मनोज यादव, पिता-अम्बिका यादव ने उपायुक्त गढ़वा के जनता दरबार में गुहार लगाई है कि उनके खेत में जबरन रास्ता निकाला जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सर्वसाधारण रास्ता खाता संख्या-222, प्लॉट संख्या-1464 पर पूर्व में प्रेम यादव, पिता-बच्चु यादव द्वारा अतिक्रमण किया गया था। वर्ष 2023 में जब सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ तो मनोज यादव ने इसका विरोध किया था। उस समय अंचलाधिकारी चिनियां के आदेश पर अमीन अब्दुल स्तार अंसारी द्वारा नापी कराई गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि 15 कड़ी चौड़ाई का रास्ता प्रेम यादव द्वारा अतिक्रमित किया गया है। तत्पश्चात 12.07.2023 को अंचलाधिकारी चिनियां ने एसी गढ़वा के आदेश पर प्रेम यादव का बाउंड्री तोड़ते हुए रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराया था।
मनोज यादव का आरोप है कि 2 साल बाद पुनः 30.08.2025 को प्रेम यादव ने पैसे और दबंगई के बल पर वर्तमान अंचलाधिकारी एवं प्रशासन की मदद से उनके खेत में फसल रौंदते हुए जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया। विरोध करने पर प्रेम यादव द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस घटना से भयभीत मनोज यादव ने उपायुक्त गढ़वा के जनता दरबार में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










