गढ़वा बीएसकेडी पब्लिक स्कूल गढ़वा में आज “इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस” द्वारा छात्राओं के लिए एक सार्थक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों के बारे में छात्राओं को सही जानकारी देना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ इन बदलावों को समझने के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की अध्यक्ष श्रीमती दीपाली अग्रवाल, आईएसओ शोभा सोनी, मुख्य चिकित्सक डॉ. नीतू सिंह, क्लब की अन्य सदस्याओं, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीना कुमारी एवं अध्यापिकाओं की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
डॉ. नीतू सिंह ने छात्राओं को उनके प्रश्नों के उत्तर देते हुए किशोरावस्था में आवश्यक स्वच्छता, संतुलित आहार, भावनात्मक स्थिरता और संवाद के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को बताया कि संतुलित भोजन के साथ-साथ ही भरपूर मात्रा में पानी का भी सेवन करना और साथ ही साथ नियमित योग और व्यायाम निरोग रहने के लिए बहुत ही आवश्यक है।उन्होंने कहा, “जीवन के इस महत्वपूर्ण दौर में सही जानकारी और सकारात्मक सोच ही स्वास्थ्य और सफलता की कुंजी है।”
क्लब की अध्यक्ष श्रीमती दीपाली अग्रवाल ने छात्राओं को अपने विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त करने और स्वयं पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया। आईएसओ शोभा सोनी ने अच्छे मित्र चयन, अनुशासन और आत्मसम्मान को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीना कुमारी ने इनर व्हील क्लब का धन्यवाद देते हुए कहा कि, “इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को न केवल ज्ञान देते हैं, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में सशक्त करते हैं।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से खुलकर प्रश्न पूछे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम के अंत में क्लब की उपाध्यक्ष श्रीमती विनीता आनंद ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में सदस्य के रूप में रुचि अग्रवाल, अंकिता अग्रवाल ,अर्चना कश्यप, ममता कश्यप, श्वेता सोनी, प्रीति कश्यप ,शालिनी अग्रवाल, शोभा कश्यप, सोनी गुप्ता उपस्थित थी। इसके अतिरिक्त विद्यालय की कुछ शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाई।

Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता