स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“हिन्दी हैं हम, वतन है हमारा…” — यही संदेश लेकर स्थानीय जीएन कॉन्वेंट (10+2) स्कूल में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय के हिन्दी विभाग के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसके नोडल प्रभारी शिक्षक कृष्ण कुमार रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक व शिक्षाविद मदन प्रसाद केशरी एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की।

इस अवसर पर निदेशक ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां विभिन्न धर्म, संस्कृतियां और भाषाएं मिलकर एकता का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। इनमें हिंदी वह भाषा है, जो पूरे देश को जोड़ने का कार्य करती है। हर वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस पखवाड़ा मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था।

उन्होंने कहा कि हिंदी अपनी सरलता, सहजता और मधुरता के कारण लोगों को जोड़ती है। यह शिष्टाचार का खजाना है। आज के समय में अंग्रेजी का प्रभाव भले ही बढ़ गया हो, लेकिन हिंदी का महत्व और लोकप्रियता कभी कम नहीं हो सकती। दुनिया भर में करोड़ों लोग हिंदी बोलते और समझते हैं। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हिंदी हमारी राजभाषा, मातृभाषा और संस्कृति की पहचान है।

इस अवसर पर छात्रों के बीच निबंध, भाषण, पेंटिंग और कविता वाचन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक वीरेंद्र शाह, खुर्शीद आलम, मुकेश भारती, विकास कुमार, दिनेश कुमार, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, चंदा कुमारी, वर्षा कुमारी, अभय कुमार, ऋषभ कुमार, पूजा प्रकाश और संतोष प्रसाद आदि की भूमिका सराहनीय रही।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें