गढ़वा थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित रूप अलंकार ज्वेलर्स में लूट की योजना बना रहे आठ अपराधियों को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से छह देसी कट्टा, 10 जिंदा गोली, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन, दो बाइक, एक स्कूटी, एक बड़ा थैला और 15 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में डाल्टनगंज के भट्टी मोहल्ला निवासी आनंद कुमार रवि व अनुराग कुमार, पोखराहा गांव निवासी दीपक कुमार मांझी, पाटन थाना क्षेत्र के करकला गांव निवासी सरोज कुमार व बबी कुमार राम, गढ़वा थाना क्षेत्र के नगवा मोहल्ला निवासी अजीत कुमार उर्फ छोटू तथा ऋतिक नवरंग शामिल हैं। ये सभी बिहार के कुख्यात अपराधी धीरज मिश्रा गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

मंगलवार को गढ़वा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ नीरज कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार का दुर्दांत अपराधी धीरज मिश्रा अपने गिरोह के साथ गढ़वा में ज्वेलरी शॉप लूटने की योजना बना रहा है। इसी आधार पर उनके नेतृत्व में एक टीम गठित कर टंडवा चौक से शाहपुर मार्ग तक कड़ी पेट्रोलिंग शुरू की गई। इस दौरान फिल्मी अंदाज में पूरनचंद चौक, टंडवा से तीन बाइक पर सवार आठ अपराधियों को पकड़ लिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी पलामू और गढ़वा जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीन अपराधी जो फरार हैं, वे बिहार के हैं। धीरज मिश्रा खुद अपने तीन साथियों के साथ दिलदार चौक के पास मौजूद था और लूट कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस को देख फरार हो गया।
उन्होंने यह भी बताया कि गढ़वा के रूप अलंकार ज्वेलर्स में पूर्व में भी लूट की वारदात हो चुकी है, जिसमें अजीत कुमार शामिल था। जेल में ही उसकी मुलाकात धीरज मिश्रा गिरोह से हुई थी और उसके बाद मिलकर यह नया प्लान बनाया गया। यह गिरोह बड़े व्यापारियों को ही टारगेट करता है और इसके कई सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई और गिरोह के आठ सदस्य सलाखों के पीछे पहुंच गए।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










