गढ़वा प्रखंड के करके गांव स्थित आदर्श नव युवक कला केंद्र में पिछले पाँच वर्षों से परंपरागत रूप से भव्य पूजा का आयोजन होता आ रहा है। यहां प्रतिवर्ष समिति की ओर से आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया जाता है और पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की जाती है। यह करके की सबसे पुरानी पूजा समितियों में से एक मानी जाती है।

इस बार भी पूजा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया, “इस वर्ष भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें करीब एक लाख पचास हजार रुपये की लागत का अनुमान है। बाहर से आए कारीगरों के द्वारा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। मां की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की जाएगी। पंडाल को काल्पनिक मंदिर के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है।”

समिति के सचिव अजीत कुमार पटेल ने कहा, “गांव के लोगों को धार्मिक प्रेरणा देने के उद्देश्य से रात्रि 8 बजे से 12 बजे तक पर्दे पर रामायण सीरियल का प्रसारण किया जाता है। इससे ग्रामवासी श्रीराम के आदर्शों पर चलने की सीख प्राप्त करते हैं।”

पुरोहित उपेंद्र तिवारी ने बताया, “मंत्रोच्चारण और विधिपूर्वक पूजा से पूरे गांव में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनता है। इससे ग्रामवासियों में आपसी भाईचारे का संदेश फैलता है।”
पूजा को सफल बनाने में मुख्य पुजारी मथुरा राम एवं उनकी पत्नी पूर्व मुखिया उषा देवी भी पूरी श्रद्धा से लगे हैं। दोनों 9 दिनों तक उपवास रहकर विधि-विधान से पूजा कर रहे हैं।
इसके अलावा रामायण पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस पाठ में अंशु कुमारी, संध्या कुमारी, रिया कुमारी, श्वेता कुमारी और अंजली कुमारी 9 दिन उपवास रहकर भक्ति भाव से रामायण पाठ कर रही हैं।
पूजा की सफलता के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इसमें राजू ठाकुर, वार्ड पार्षद प्रदीप पासवान, मनोज साहू, अखिलेश सिंह, विकास ठाकुर, दीपक सिंह, अंकित सिंह, इंदल सिंह, विनय सिंह, कुंडल सिंह, शुभम ठाकुर, विनय चंद्रवंशी और रमेश विश्वकर्मा को शामिल किया गया है।
पूजा समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही इस भव्य आयोजन को संभव बनाया जा रहा है। आकर्षक पंडाल, धार्मिक माहौल और सामूहिक भागीदारी इस पूजा को विशेष बना रही है।
—
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










