गढ़वा: थाना कांड संख्या 172/22 (दिनांक 01.04.2022) से जुड़े एक मामले में नामजद अभियुक्त रामलाल राम अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि अभियुक्त पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 एवं 34 के तहत मामला दर्ज है।
अभियुक्त रामलाल राम, पिता मोती राम, निवासी हसकेर थाना व जिला गढ़वा, गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा है। मामले में माननीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, गढ़वा के न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध इस्तेहार जारी किया गया है।
न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस द्वारा अभियुक्त के घर पर विधिवत ढोल बजाकर एवं परिजनों की उपस्थिति में इस्तेहार चस्पा किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई।
पुलिस ने अभियुक्त को निर्देश दिया है कि वह जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करे, अन्यथा उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










