कलयुग की तस्वीर: पिता और भाई ने मिलकर युवक को पीटा, जमीन विवाद में खूनी संघर्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: सोमवार की रात्रि जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेमा गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में पिता और छोटे भाई ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान डेमा गांव निवासी दिनेश यादव के रूप में हुई है। दिनेश ने बताया कि वह अपने हिस्से की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बना रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई अजीत यादव ने जबरदस्ती कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य का विरोध किया और जमीन को अपना बताते हुए घर बनाने से मना कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, बात बढ़ने पर अजीत यादव ने लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। इस दौरान उनके पिता नरेश यादव भी अजीत का साथ देते हुए मारपीट में शामिल हो गए। हमले में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
दिनेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि उसके भाई द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जाती है। उसने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी दो बार उसके साथ मारपीट की जा चुकी है। परिवार के भीतर लगातार हो रहे विवाद से वह काफी भयभीत है।
घटना की सूचना कांडी थाना को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रिश्तों में बढ़ती कटुता और जमीन के लालच में लोग किस हद तक गिर सकते हैं, जहां अपने ही खून के रिश्ते एक-दूसरे के दुश्मन बन जाते हैं।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें