दवनकारा गांव में दुर्गा पूजा पर सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुखिया शंभू पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, देवी गीतों पर झूमे श्रद्धालु

मंझिआंव (गढ़वा)। मंझिआंव प्रखंड अंतर्गत दवनकारा गांव में शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सांस्कृतिक नृत्य कला कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय मुखिया शंभू पासवान एवं दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की वंदना और जयकारों के साथ हुई। इसके बाद कलाकारों ने देवी गीतों और पारंपरिक भक्ति धुनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और दर्शक भक्ति संगीत का आनंद लेते नजर आए।

इस अवसर पर मुखिया शंभू पासवान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने पूजा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए ग्रामीणों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं में भक्ति भावना बनाए रखने और लोगों के मनोरंजन के उद्देश्य से सांस्कृतिक नृत्य कला कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। रातभर चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में समिति के कार्यकर्ता सक्रिय रहे।

कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित

इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष अनंत प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष दुर्गेश दुबे, सचिव हरे राम विश्वकर्मा तथा सदस्य भुवनेश्वर पासवान, चंद्रिका पासवान, सूरज विश्वकर्मा, सुधीर दुबे, उज्ज्वल दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें