गढ़वा। माँ काली पूजा समिति, काली स्थान गढ़वा में आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम में मुस्कान कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
मुस्कान की माता अमिता कुमारी ने अपनी बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माँ काली से प्रार्थना की कि उनकी बेटी जीवन में खूब आगे बढ़े, सफलता की नई ऊँचाइयों को छुए और परिवार व समाज का नाम रोशन करे।
कार्यक्रम के संयोजक पीयूष पाठक ने कहा कि डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखने के साथ-साथ बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में उत्साह, एकता और आपसी सद्भाव बढ़ता है। उन्होंने मुस्कान कुमारी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी कला एवं प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। माँ काली पूजा समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









