*10 प्लस टू हाई स्कूल रंका में सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा, 40 शिक्षक निभाएंगे वीक्षक की भूमिका*
रंका 27 अक्टूबर
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर रंका प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीयकृत उच्च विद्यालय 10 प्लस टू हाई स्कूल, रंका परीक्षा केंद्र पर कुल 477 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
केंद्र अधीक्षक इंद्र नारायण झा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए लगभग 40 शिक्षकों को वीक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा। साथ ही, परीक्षा को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित करने का निर्देश प्राप्त हुआ है, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखा जा सके।
*लंबे इंतजार के बाद परीक्षा से परीक्षार्थियों में उत्साह*
बताते चलें कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा लंबे अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। लगभग एक दशक के बाद परीक्षा होने से अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को इस परीक्षा के माध्यम से अपने सपने पूरे होने की उम्मीद है।
वहीं, दूसरी ओर लंबे समय तक परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थियों को निराशा का सामना करना पड़ा है। कुछ ऐसे अभ्यर्थी भी हैं, जिनकी आयु सीमा परीक्षा के इंतजार में समाप्त हो गई और वे शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने के अवसर से वंचित रह गए।
अभ्यर्थियों का मानना है कि यदि सरकार समय-समय पर जेटेट परीक्षा आयोजित करती, तो कई योग्य युवाओं को सरकारी शिक्षक बनने का अवसर मिल सकता था। नियमित अंतराल पर परीक्षा आयोजित होने से अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता साबित करने का मौका मिलता और उन्हें अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ता।
फिलहाल, रंका परीक्षा केंद्र पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों को उम्मीद है कि परीक्षा व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









