भारतीय नाई समाज की बैठक में संजय ठाकुर बने जिला कार्यकारी अध्यक्ष, संतोष ठाकुर को युवा मोर्चा की कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समाज के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक उत्थान के लिए संगठन एवं शिक्षा पर दिया गया जोर

गढ़वा। भारतीय नाई समाज, गढ़वा की बैठक शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को नरगिस आश्रम में जिला अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय नाई समाज के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मुकेश कुमार ठाकुर उपस्थित थे। बैठक का संचालन संतोष ठाकुर ने किया।

बैठक में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती तथा सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से पूर्व वार्ड पार्षद संजय ठाकुर को भारतीय नाई समाज, गढ़वा का जिला कार्यकारी अध्यक्ष तथा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ठाकुर को मनोनीत किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में संगठन का गठन करने के बाद जिला कमेटी का विस्तार एवं गठन किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने कहा कि समाज को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए संगठित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नाई समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। चक्रवर्ती सम्राट सहित अनेक महापुरुषों ने समाज का नाम रोशन किया है। वहीं, राजनीति के क्षेत्र में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान व्यक्तित्व के योगदान के बावजूद नाई समाज आज भी अपेक्षित राजनीतिक भागीदारी और सम्मान से वंचित है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और संगठन को आवश्यक बताते हुए लोगों से एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की।

वहीं, मुख्य अतिथि मुकेश कुमार ठाकुर ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि समाज को सशक्त बनाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने संगठन का विस्तार करने तथा समाज के लोगों को एक मंच पर लाने की आवश्यकता बताई।

बैठक में संरक्षक डॉ. बी.एन. ठाकुर, अशोक ठाकुर, मुटूक बिहारी ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, गुप्तेश्वर ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, श्याम बिहारी ठाकुर, मनू ठाकुर, श्रीराम ठाकुर, सोनू ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, लाल बिहारी ठाकुर, मनोज ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, बिहारी ठाकुर, उदय ठाकुर, अनिल ठाकुर, रामस्वरूप ठाकुर, जयशंकर ठाकुर, सत्येंद्र कुमार ठाकुर, विजय कुमार ठाकुर और दिनेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

अंत में मझिआंव के वीरेंद्र ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके साथ ही बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें