गढ़वा। मां की ममता और पेड़ की छाया दोनों अमृत तुल्य हैं। इसी भावना के साथ
स्थानीय जीएन कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक रूप से शपथ भी ली।

विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद मदन प्रसाद केशरी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” महज एक विचार नहीं, बल्कि यह प्रकृति और परिवार के बीच रिश्ते को जोड़ने वाला एक भावनात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार पेड़ हमें सांसें प्रदान करते हैं। जब कोई युवा अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाता है, तो वह केवल एक पौधा नहीं रोपता—बल्कि मां के त्याग, प्रेम और स्नेह को धरती पर अमर करने का एक प्रतीक बनाता है।
उन्होंने आगे कहा कि एक पेड़ लगाकर हम न केवल पर्यावरण की रक्षा करते हैं, बल्कि अपनी भावनाओं को भी प्रकृति में स्थान देते हैं। यह अभियान मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उद्देश्य एक ऐसा स्थायी स्मृति चिन्ह बनाना है जो आने वाली पीढ़ियों को न केवल हरा-भरा वातावरण दे, बल्कि उनके जीवन में मातृत्व और प्रकृति के महत्व को भी दर्शाए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जूनियर विंग के इंचार्ज शिक्षक खुर्शीद आलम, वीरेंद्र शाह, मुकेश भारती, विकास कुमार, कृष्ण कुमार, दिनेश कुमार, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी, चंदा, ऋषभ श्रीवास्तव, अभय कुमार, पूजा प्रकाश, संतोष प्रसाद सहित अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










