मायके के पास मेला जाने की जिद में मां ने खाया ज़हर, मासूम बेटी को भी पिलाया; नदी में कूदी, बच्ची ने बचाई जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के हूर मध्या गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मेला जाने की जिद में एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। महिला ने पहले खुद कीटनाशक पी लिया, फिर अपनी छह वर्षीय मासूम बेटी को भी ज़हर पिला दिया और दोनों को लेकर गांव के पास बहने वाली दानरो नदी में कूद गई। गनीमत रही कि बच्ची किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई और समय रहते अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दे दी, जिससे मां की जान बचाई जा सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हूर मध्या गांव निवासी राजकुमार चौधरी की 28 वर्षीय पत्नी रानी देवी सोमवार को अपने मायके के पास बराव गांव में आयोजित पहाड़ी बाबा के मेले में जाने की जिद पर अड़ी थी। लेकिन उस समय राजकुमार धान रोपने के कार्य में व्यस्त था और उसने रक्षाबंधन के दिन साथ चलने की बात कही। इसी बात को लेकर रानी देवी नाराज़ हो गई।

नाराज़गी इस कदर बढ़ गई कि सोमवार रात करीब 10 बजे रानी देवी ने पहले खुद कीटनाशक पी लिया, फिर अपनी बेटी प्रीति कुमारी को भी ज़हर पिलाया और उसे साथ लेकर दानरो नदी में कूद गई।

हालांकि, मासूम प्रीति किसी तरह नदी से निकलने में सफल रही और भागकर अपने पिता को पूरी घटना की सूचना दी। बेटी से खबर मिलते ही राजकुमार चौधरी और अन्य परिजन रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। करीब एक किलोमीटर दूर रानी देवी अचेत अवस्था में नदी किनारे मिलीं। परिजनों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में स्तब्धता और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर इतना बड़ा कदम उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह मानसिक अस्थिरता का संकेत भी हो सकता है।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें