सहायक आचार्य में सफलता अर्जित कर संजीव ने स्वर्गीय पिता के सपनों को किया साकार, घर में जश्न का माहौल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। सदर प्रखंड के रंका बौलिया पंचायत के कामता गांव निवासी स्वर्गीय महेंद्र नाथ पांडेय के तृतीय सुपुत्र संजीव कुमार पांडेय ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) पद की परीक्षा में सफलता अर्जित कर अपने स्वर्गीय पिता के सपनों को साकार किया। इस उपलब्धि से उनके घर-परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

अपनी सफलता पर संजीव ने बताया कि पिता जी की हार्दिक इच्छा थी कि मैं शिक्षक बनकर समाज सेवा करूं। अफ़सोस की बात है कि इस खुशी के मौके पर वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विश्वास और आशीर्वाद का ही परिणाम है कि आज मैं इस मुकाम तक पहुंच सका। उन्होंने कहा कि इस सफलता में बड़े भाई दिलीप कुमार पांडेय (रेलवे में सहायक स्टेशन मास्टर) और छोटे भाई प्रदीप कुमार पांडेय (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, अन्यथा आज इस स्थान तक पहुंच पाना मुश्किल होता।

गांव और आसपास के लोग गर्व से कह रहे हैं कि एक छोटे से किसान के तीनों पुत्र सरकारी सेवा में हैं — इससे बड़ा सम्मान किसी पिता के लिए और क्या हो सकता है। इस उपलब्धि पर अमित कुमार पांडेय, रवि कांत सिंह, राजेश कुमार पांडेय, संजीव शर्मा, शशि कांत पांडेय, कन्हैया तिवारी, अरविंद पांडेय, प्रवीण पांडेय, प्रवीण दुबे, सुधीर पांडेय सहित कई लोगों ने बधाई दी।

 

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें