गढ़वा एसडीओ ने आरोग्यं हॉस्पिटल की औचक जांच की, ब्लड बैंक और बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण पर खामियां उजागर
गढ़वा एसडीओ संजय कुमार ने रविवार को कचहरी रोड स्थित आरोग्यं हॉस्पिटल की औचक जांच की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल द्वारा संचालित ब्लड बैंक की स्थिति और बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था को परखा तथा अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के अनुसार, अस्पताल द्वारा संचालित ब्लड बैंक को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अलावा, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर भी अस्पताल में उचित व्यवस्था नहीं मिली। दरअसल, अस्पताल को राज्य ड्रग कंट्रोल निदेशालय से ब्लड बैंक संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त है, लेकिन अनुमोदित स्टाफ—एक चिकित्सक और तीन पैरामेडिकल कर्मी—मौके पर अनुपस्थित पाए गए। यहां तक कि ब्लड बैंक में उनके नाम और संपर्क नंबर भी अंकित नहीं थे। जब मेडिकल अफसर का संपर्क सूत्र मांगा गया, तो वह भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
इस संबंध में एसडीओ ने ब्लड बैंक की लाइसेंसिंग अथॉरिटी, रांची को सूचित कर दिया है। वहीं, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई। अस्पताल का खतरनाक क्लीनिकल कचरा निर्धारित प्लांट में भेजने के बजाय स्थानीय स्तर पर कचरा डंपिंग साइटों पर फेंका जा रहा था। इस पर अस्पताल प्रबंधन को शोकॉज नोटिस जारी किया जा रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने शहर के अन्य अस्पतालों और क्लीनिकों से भी अपील की कि वे अपना बायोमेडिकल कचरा, जैसे नीडल और सीरिंज, खुले में न फेंकें और नियमानुसार उसका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करें।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता











