गढ़वा में सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

गढ़वा। एनएच-343 गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग पर मंगलवार को गढ़वा थाना क्षेत्र के लोटो गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक मालवाहक ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान रंका थाना क्षेत्र के बांदु चुतरू गांव निवासी विनोद यादव के पुत्र सुचित कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों में उसी गांव के नथुनी राम के पुत्र रवि कुमार भारती और जीतबोहन राम के पुत्र मंतोष कुमार रवि शामिल हैं। दोनों घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल रवि कुमार भारती ने बताया कि वे तीनों अपने गांव से गढ़वा स्थित सूरत पांडेय डिग्री कॉलेज में फॉर्म भरने आ रहे थे। इसी दौरान लोटो महुआ पेड़ के पास एक ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक (संख्या जीआर 24 जीबी 5312) से टकरा गई, जिससे सुचित कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो के जरिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए भेज दिया। अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें