गढ़वा। झारखंड राज्य खाद्य निगम (झा.रा.खा.नि.) के गढ़वा, मेराल और रंका स्थित गोदामों में लंबे समय से प्रतिनियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों पर मनमानी का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में उपायुक्त, गढ़वा को एक लिखित आवेदन दिया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि पैसे के बल पर कई वर्षों से एक ही स्थान पर ऑपरेटर जमे हुए हैं, जिसके कारण निष्पक्षता प्रभावित हो रही है और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। आरोप है कि ऑपरेटर आवश्यक डेटा कार्यों में भी मनमाना व्यवहार कर रहे हैं।
आवेदन में मांग की गई है कि गोदामों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति अवधि और कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए। साथ ही, जो कर्मचारी कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं, उन्हें अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लोगों ने उपायुक्त से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की है, ताकि सरकारी कार्यालयों की गरिमा बनी रहे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










