गढ़वा में मासिक अपराध गोष्ठी, एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा, 17 अप्रैल 2026 — गढ़वा पुलिस द्वारा समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में शुक्रवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अमन कुमार (भा.पु.से.) ने की।
बैठक की शुरुआत में एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विशेष परिस्थिति में विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने पॉक्सो एक्ट से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध एवं विधिवत निपटारा करने पर जोर दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने पुराने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, नियमित अंतराल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा थाना क्षेत्रों में रोड सेफ्टी को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर विशेष उपाय करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा एससी/एसटी कांडों में मुआवजा प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने, नफीस में कैदियों के फिंगरप्रिंट दर्ज कराने, विगत माह में दर्ज मामलों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने तथा डीजीपी एवं आईजीपी कॉन्फ्रेंस पोर्टल में थानावार प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में नक्सल कांडों के त्वरित निष्पादन, पेट्रोलिंग पार्टी की क्यूआर कोड से निगरानी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, वारंट/कुर्की निष्पादन, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध, एनडीपीएस, सीसीए एवं आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को ई-साक्ष्य पोर्टल पर मामलों की एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अनुसंधान प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाई जा सके

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें