गढ़वा। नारायणपुर, टंडवा स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में एसओएफ ओलंपियाड (IGKO और IEO) के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में उत्साह की लहर दौड़ गई। जिस पल का सभी को इंतजार था, वह आखिरकार आ ही गया। आज विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और शिक्षकों द्वारा सभी विजेता विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, अन्य विद्यार्थियों को आगामी सत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
सत्र 2024-25 में विद्यालय में एसओएफ ओलंपियाड की विभिन्न परीक्षाएँ आयोजित की गईं, जिनमें यहाँ के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन टॉपर्स में कक्षा एक की सान्वी प्रिया, कक्षा दो के अथर्व रुद्र, कक्षा तीन के अनमोल सोनी, आराध्या आनंद, सन्नी राज और पंखुरी गुप्ता, कक्षा पांच के आयुष कुमार गुप्ता, तथा कक्षा छह की अवल्या आनंद शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल अवार्ड से सम्मानित किया गया। विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके जीवन पथ पर सफलता की कामना की।
यह विद्यालय पिछले कई वर्षों से गढ़वा और आसपास के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करना और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर अपने अभिभावकों और विद्यालय का नाम रोशन करें। इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बड़े मंचों पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करना है।
विद्यालय शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। हाल ही में विद्यालय ने अभिभावकों के लिए भी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिससे उनमें खेल के प्रति रुचि बढ़े, तनाव कम हो, और वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
गोल्ड मेडल अवार्ड वितरण समारोह में विद्यालय परिवार और समस्त सहकर्मी उपस्थित रहे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










