शहर की समस्याओं को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने सांसद को सौंपा माँग पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में शहरी जलापूर्ति महीनों से बंद रहने के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसे जल्द चालू कराने की माँग को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप के नेतृत्व में पलामू सांसद श्री विष्णुदयाल राम को माँग पत्र सौंपा गया।

नगर परिषद क्षेत्र के दीपुवा मुहल्ला, कचहरी रोड, सहिजना रोड और साई मुहल्ला में जलापूर्ति सेवा तत्काल बहाल करने की माँग की गई। साथ ही, अंचल कार्यालय में ज़मीन से जुड़े कार्यों—माल बंधी, म्यूटेशन, रसीद कटवाने और ऑनलाइन प्रक्रियाओं—में देरी को लेकर भी चिंता जताई गई। आम जनता को समय पर काम न होने के कारण भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसके अलावा, चिनिया रोड में धीमी गति से चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों को हो रही कठिनाइयों पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। वहाँ के नागरिक धूल-मिट्टी से परेशान हैं, जिससे बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को मॉर्निंग वॉक में दिक्कत हो रही है।

मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने सांसद महोदय को नगर परिषद क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। सांसद विष्णुदयाल राम ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को फ़ोन कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर भाजपा नेता संतोष कश्यप और बूथ अध्यक्ष अमर गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें