डंडई प्रखंड के रारो गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के स्थान को लेकर ग्रामीणों में असंतोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डंडई प्रखंड के रारो गांव के उत्तर टोला में आंगनबाड़ी केंद्र को पोषक क्षेत्र से बाहर और अनुपयोगी स्थान पर बनाए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया और मांग की कि आंगनबाड़ी केंद्र को पोषक क्षेत्र के भीतर, सबसे उपयुक्त स्थान पर बनाया जाए।

ग्रामीण नसीम अंसारी, शमीम अहमद, रमेश राम, कमलेश राम, रमेश प्रजापति, विजय राम, असजद राजा समेत अन्य लोगों ने बताया कि रारो उत्तर टोला का आंगनबाड़ी केंद्र पोषक क्षेत्र से हटकर लगभग 2 से 2.5 किलोमीटर दूर, कपरफूटा टोला डंडई के सीवान पर बनाया जा रहा है। यह स्थान पोषक क्षेत्र से काफी दूर है, जिससे लाभार्थी बच्चे, गर्भवती महिलाएं और धात्री माताओं को केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई होगी। बच्चों को आने-जाने में भी परेशानी होगी, क्योंकि वहां खेत, तालाब और झाड़ियाँ हैं। खासकर बरसात और गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों के लिए वहां जाना जोखिम भरा हो सकता है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 2-3 वर्ष पहले पोषक क्षेत्र के बीच में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन वह अधूरा पड़ा हुआ है। उनकी मांग है कि वर्तमान में बनाए जा रहे भवन का निर्माण कार्य रोका जाए और या तो अधूरे पड़े भवन के पास ही नया भवन बनाया जाए या फिर पोषक क्षेत्र में ही नया भवन निर्मित किया जाए, ताकि लाभार्थी इससे सही तरीके से लाभान्वित हो सकें।

मुखिया प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गाँव से 2 से 2.5 किलोमीटर दूर भवन का निर्माण पूरी तरह गलत है। इससे बच्चों और महिलाओं को केंद्र तक पहुंचने में काफी परेशानी होगी। इस मुद्दे को लेकर संबंधित विभाग से शिकायत भी की गई है।

वहीं, इस मामले में पूछे जाने पर पर्यवेक्षिका मीना देवी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है और इस पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें