गढ़वा जिला जल सहिया संघर्ष समिति की बैठक नवादा मोड़ स्थित बंधन मैरिज हॉल के प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मालती देवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संघ के संरक्षक सह भाजपा नेता सूरज गुप्ता उपस्थित रहे।
बैठक में तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहले प्रस्ताव में हेमंत सरकार द्वारा जल सहिया को “मईया सम्मान योजना” के लाभ से वंचित रखने के विरोध में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। दूसरे प्रस्ताव में गढ़वा विधायक द्वारा एक जल सहिया के गंभीर रूप से बीमार पति की मदद न करने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। तीसरे प्रस्ताव में संगठन को प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।
संरक्षक सूरज गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अपने हक और अधिकार के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जल सहियाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किसी भी स्तर तक लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी जल सहिया को विभागीय अधिकारी या कर्मचारी अनावश्यक रूप से परेशान करता है, तो संघ उनकी पहचान उजागर करेगा।
जिला अध्यक्ष मालती देवी ने कहा कि नारी शक्ति समाज और देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने खुशी जताई कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जल सहिया अपने हक की लड़ाई के लिए संगठित हो रही हैं।
बैठक में उपाध्यक्ष संयुक्त देवी, मीडिया प्रभारी सीमा देवी, अनीता देवी, मंजू देवी, ललिता देवी, संजू देवी, जयंती देवी, सरिता देवी, उर्मिला देवी, प्रमिला देवी, पूनम देवी, लीलावती देवी, माधुरी देवी, सुनीता देवी, कनकलता देवी, नीलम देवी, प्रेरणा देवी सहित बड़ी संख्या में जल सहिया और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी जल सहियाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










