गढ़वा स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया, जिसमें विशेष रूप से छात्राओं ने अत्यधिक उत्साह का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक, शिक्षाविद् एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।
अपने संबोधन में निदेशक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर वर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन समाज में महिलाओं की भूमिका, संघर्ष और सफलताओं को उजागर करता है। महिला दिवस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की समानता को बढ़ावा देना, उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना है। इस दिवस को मनाने का लक्ष्य लैंगिक भेदभाव को समाप्त कर एक समान और सशक्त समाज का निर्माण करना है। समाज में महिलाओं को समान अधिकार दिलाना और किसी भी क्षेत्र में उनके साथ होने वाले भेदभाव को रोकना ही इस दिवस का मूल उद्देश्य है।
भारत में प्राचीन काल से ही महिलाओं को देवी, जगत जननी और संरक्षक की प्रतिमूर्ति माना गया है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति का विशेष महत्व रहा है, और उन्हें सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीरा शर्मा, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, नीलम केशरी, रागिनी कुमारी, ज्योति तिवारी, पूजा प्रकाश, वीरेंद्र शाह, खुर्शीद आलम, मुकेश भारती, कृष्ण कुमार, विकास कुमार, ऋषभ श्रीवास्तव और संतोष प्रसाद आदि की भूमिका सराहनीय रही।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










